Asian Games 2026: टेकबॉल महिला एकल में ब्रॉन्ज से चूकीं क्विम्सी डिसूजा, अब मिक्स्ड डबल्स में पदक का मौका

नागोया (जापान), एशियन गेम्स 2026 के टेकबॉल महिला एकल में भारत की क्विम्सी डिसूजा ब्रॉन्ज मेडल से चूकीं। अब मिक्स्ड डबल्स में पदक जीतने का मौका रहेगा।

भारत की क्विम्सी डिसूजा रविवार को एशियन गेम्स 2026 के महिला एकल टेकबॉल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने से चूक गईं। उन्हें जापान की दुनिया की नंबर-7 खिलाड़ी युइना साकामोटो के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

घरेलू दर्शकों के सामने खेल रहीं साकामोटो ने क्विम्सी को कड़े मुकाबले में हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। क्विम्सी ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और एक समय 11-10 की बढ़त भी बना ली थी। हालांकि, साकामोटो ने स्कोर 11-11 से बराबर किया और इसके बाद आखिरी पॉइंट जीतकर सेट 12-11 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में वापसी की कोशिश
दूसरे सेट में क्विम्सी डिसूजा ने बेहतर शुरुआत की। उन्होंने 6-3 की बढ़त बनाई और बाद में स्कोर 10-7 कर दिया। लेकिन साकामोटो ने फिर वापसी की और लगातार पॉइंट हासिल करते हुए स्कोर 10-10 कर दिया।

इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने आखिरी गेम में बढ़त बनाकर ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया।मुकाबले के दौरान कई बार खेल रुका। एज बॉल के बाद कुछ पॉइंट दोबारा खेले गए। टेकबॉल में जब गेंद घुमावदार टेबल के किनारे से टकराती है, तो ऐसे पॉइंट को दोबारा खेला जाता है।

मिक्स्ड डबल्स में पदक का एक और मौका
महिला एकल में पदक से चूकने के बावजूद क्विम्सी का एशियन गेम्स अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। उनके पास मिक्स्ड डबल्स में पदक जीतने का एक और मौका है। क्विम्सी मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ मिक्स्ड डबल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में उतरेंगी।

भारतीय जोड़ी का सामना वियतनाम के होआंग मिन्ह टैन गुयेन और जिया न्घी ट्रिन्ह से होगा। अब क्विम्सी और अनस की नजर इस मुकाबले में जीत दर्ज कर एशियन गेम्स में टेकबॉल का पदक भारत के नाम करने पर होगी।

Next Post

मिडिल ईस्ट में सैन्य टकराव के बीच अलर्ट, US ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की

Sun Sep 20 , 2026
वाशिंगटन, अमेरिकी विदेश विभाग ने मिडिल ईस्ट हालात के बीच खाड़ी क्षेत्र में मौजूद या यात्रा कर रहे अमेरिकियों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इस इलाके में यात्रा करने से पहले सोचने की बात कही सऊदी अरब और यमन के हूती मिलिशिया के बीच हालिया सैन्य टकराव के […]

You May Like