
ग्वालियर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर ग्वालियर चंबल अंचल में भी देखने को मिला। हड़ताल के चलते भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, इंडियन बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित लगभग सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में ताले लटके रहे। सुबह से ही बैंक पहुंचे ग्राहकों को बिना काम के लौटना पड़ा।
हड़ताल के समर्थन में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने ऐतिहासिक महाराज बाड़ा पर एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी और लंबित मांगों पर कोई कार्रवाई न होने के विरोध में यह कदम उठाना पड़ा है।
हड़ताल के कारण आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल, 12 सितंबर को माह का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अब बैंक शाखाएं सीधे सोमवार को ही खुलेंगी। ऐसे में लगातार तीन दिन तक चेक क्लीयरेंस, नकद जमा-निकासी जैसी सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
निजी बैंकों में कामकाज सामान्य
वहीं एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस और कोटक महिंद्रा जैसे निजी बैंकों की शाखाओं में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है, हालांकि इन बैंकों में भी चेक क्लीयरेंस में देरी हो सकती है।
डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी
ग्राहकों को राहत देते हुए ऑनलाइन सेवाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। यूपीआई, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं हड़ताल से प्रभावित नहीं हैं। हड़ताल के कारण लेन-देन के लिए आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को फिलहाल ऑनलाइन माध्यमों का ही सहारा लेना पड़ रहा है।
