शिवपुरी में सुबह से रात तक होते रहे शराब दुकानों पर हमले, तोड़फोड़ और आगजनी

शिवपुरी। आज लगातार पांचवे दिन भी शिवपुरी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर महिलाओं के हमले, तोड़फोड़ और आगजनी का सिलसिला जारी रहा। सुबह से शुरू हुए यह उग्र विरोध प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहे। मामला भावनात्मक होने और नैतिक मूल्यों से जुड़ा होने के कारण महिलाओं के इन प्रदर्शनों को रोक पाने में पुलिस खुद को असमर्थ पा रही है। हालांकि पुलिस ने शराब की लायसेंसी दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी करने के जुर्म में 25 लोगों को नामजद आरोपी बनाकर 15 की गिरफ्तारी की है। शिवपुरी के एडी. एसपी आरडी प्रजापति ने कहा है कि किसी को भी कानून अपने हाथों में नहीं लेने दिया जाएगा और यदि ऐसा कोई करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 *पचावली में दुकान तोड़कर शराब की पेटियां नाले में फेंकी*

रन्नौद थाना क्षेत्र के पचावली गांव में महिलाएं शराब की दुकान में पहुंच गईं। उन्होंने दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखी शराब की पेटियां बाहर निकालीं और नाले में फेंक दीं। कुछ लोगों द्वारा यहां शराब की लूट किए जाने की भी खबर है।

 *खोड़-सिरसौद रोड पर पांच घंटे तक चला चक्काजाम*

खोड़ चौकी क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री के विरोध में आदिवासी महिलाओं ने खोड़-सिरसौद मार्ग पर करीब पांच घंटे तक चक्काजाम किया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी हुई। चंदावानी पंचायत के श्रीवरी मजरे की आदिवासी महिलाओं ने कच्ची शराब के खिलाफ यह मोर्चा खोला। महिलाओं ने खोड़-सिरसौद मार्ग पर सुबह 6 बजे से ही चक्काजाम शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब 11 बजे जाम खोला गया।

 *पुलिस थाने के गेट पर फोड़ी शराब की बोतलें, ठेकेदार हुआ फरार*

भौंती थाना क्षेत्र के मनपुरा में भी शराब के खिलाफ आक्रोष भड़क उठा। महिलाओं ने शराब की सरकारी दुकान में धावा बोल दिया और अंदर रखी पेटियों को सड़क पर पटक कर सैकड़ों बोतलें फोड़ दीं। इसके बाद महिलाओं का जत्था पैदल ही मनपुरा से नयाखेड़ा गांव पहुंचा, जहां अवैध शराब बेची जा रही थी। दुकान संचालक महिलाओं के आने की खबर सुनते ही शटर गिराकर फरार हो गया। गुस्साई महिलाएं वहां से पैदल मार्च करते हुए भौंती थाने पहुंचीं और थाने के मुख्य द्वार के सामने शराब की बोतलें फोड़कर जोरदार नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि जब तक गांव से शराब पूरी तरह बंद नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

  *आबकारी ठेकेदार अब लायसेंस सरेंडर करने को तैयार* 

अपनी लायसेंसी दुकानों पर महिलाओं के लगातार हमले की घटनाओं के न थमने से परेशान होकर शिवपुरी के शराब ठेकेदार अपने बचाव के लिए अब आवकारी महकमे की शरण में पहुंचे हैं। इन शराब ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी के साथ लंबी बैठक की और साफ कह दिया कि वे मौजूदा प्रतिकूल हालात में अपने ठेके चलाने में असमर्थ हैं। इन शराब ठेकेदारों ने आबकारी महकमे से साफ कह दिया कि प्रशासन और पुलिस यदि उन्हें सुरक्षा देने में असमर्थ है तो वे अपने लायसेंस सरेंडर करने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि शिवपुरी जिले में शराब के अधिकांश ठेके कामेश शिवहरे, जॉली शिवहरे, लालजी एवं रविन्द्र शिवहरे के पास हैं। एक तरफ बढ़ता जनाक्रोश और दूसरी तरफ इन संवेदनशील हालात से निपटने की कवायद में प्रशासन की विवशताओं के चलते जिले के शराब ठेकेदार असमंजश में फंस गए हैं।

  *तोड़फोड़ पर पुलिस ने इन 25 लोगों को बनाया नामजद आरोपी*

अमोला थाना क्षेत्र के अमोलपठा में शराब दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और आगजनी के मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार कर 25 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।नामजद आरोपियों में छोटेराजा गुर्जर, दुष्यंत परमार, कमल सिंह गुर्जर, दीवान सिंह बघेल, मख्खन नामदेव, राहुल जाटव, शंकर जाटव, अजय जाटव, राहुल खटीक, अज्जू उर्फ अजय बाल्मीक, राहुल बाल्मीक, मुस्कान बाल्मीक, रीना बाल्मीक, राजेश खटीक, धर्मेन्द्र खटीक, ललिता आदिवासी, वकील आदिवासी, दीपक वंशकार, भूरा नामदेव, मलखान जाटव, संजय वंशकार, दीपक मेहतर, कालिया मेहतर, जशरथ जाटव और अंशुल जाटव शामिल हैं।

Next Post

हट्टा में बच्चों ने मनाया पोला

Fri Sep 11 , 2026
हट्टा,  जिले के किरनापुर तहसील से लगें ग्राम हट्टा में बच्चों का पोला हर वर्ष बड़े ही धूम धाम से मनाया जाता है जिसमें 400 500 बच्चे शामिल होते हैं । सब एक जगह इकट्ठे होते हैं वहां उनकी ग्रामीणों के द्वारा सामूहिक आरती की जाती है , तिलक लगाया […]

You May Like