घटते भंडार के बीच अमेरिका ने यूक्रेन में पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों के निर्माण का अनुरोध खारिज किया

वाशिंगटन/कीव, 01 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन में ही पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर बनाने के यूक्रेन के अनुरोध को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।

इस मुद्दे पर हालांकि बातचीत अभी भी जारी है, जबकि इससे पहले ऐसे संकेत दिये गये थे कि इस कदम को अधिकृत किया जा सकता है।

श्री ट्रम्प की यह टिप्पणी शुक्रवार को उस बयान के कुछ दिनों बाद आयी है, जिसमें राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन को रूस के खिलाफ अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए देश में ही मिसाइलें विकसित करने की अनुमति मिल गयी है।

कैंप डेविड में कैबिनेट की बैठक के दौरान श्री ट्रम्प ने कहा कि किसी अन्य देश को उन्नत अमेरिकी हथियार बनाने की अनुमति देने से पहले अमेरिका को सावधानी बरतनी होगी।

श्री ट्रम्प ने कहा, “यह एक बड़ा कदम है। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के मामले में, वे कुछ पैट्रियट और कुछ टोमाहॉक मिसाइलें पाना चाहते हैं, जो काफी घातक हैं- एक आक्रामक है और दूसरी रक्षात्मक।”

उन्होंने कहा, “हम इस पर सहमत नहीं हुए हैं। हम इस बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की तकनीक किसी को देना बहुत कठिन काम है। आपको बहुत समझदार और बेहद सावधान रहना होगा। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कभी होगा, क्योंकि जिन लोगों को आप यह तकनीक देते हैं, वे कभी भी आपके ही खिलाफ खड़े हो सकते हैं।”

इस महीने की शुरुआत में तुर्की में हुए नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान श्री ट्रम्प ने कहा था कि वे यूक्रेन की हवाई रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए उसे पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर बनाने का लाइसेंस देने के लिए तैयार हैं। ह्वाइट हाउस में श्री ज़ेलेंस्की की मेजबानी करने के बावजूद, अब वे अपनी इस प्रतिबद्धता से पीछे हटते दिख रहे हैं।

यूक्रेनी हवाई रक्षा की रीढ़ माने जाने वाले इन पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का मुद्दा ऐसे समय में उभरा है, जब लगातार आगे बढ़ रहे रूसी हमलों के बीच यूक्रेन के पास इनका भंडार तेज़ी से खत्म हो रहा है और मॉस्को ने अपने हवाई हमले तेज़ कर दिये हैं। इसी वजह से यूक्रेन लंबे समय से पैट्रियट पीएसी-3 इंटरसेप्टर के सह-उत्पादन समझौते की मांग कर रहा था। उसका तर्क है कि घरेलू स्तर पर निर्माण से सीमित अमेरिकी भंडारों पर उसकी निर्भरता कम होगी। ऐसा लाइसेंस दिये जाने का श्री ट्रम्प का शुरुआती सुझाव कई लोगों के लिए आश्चर्यजनक था, जिसके बाद यूक्रेनी अधिकारियों, पेंटागन के प्रतिनिधियों और अमेरिकी रक्षा कंपनियों के बीच आगे की बातचीत शुरू हुई।

यूक्रेनी राजदूत ओल्हा स्टेफानिश्ना ने गुरुवार को कहा था कि पैट्रियट पीएसी-3 इंटरसेप्टर बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मार्टिन, यूक्रेन के साथ रक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि लॉकहीड मार्टिन के अधिकारियों ने इस सप्ताह के शुरुआत में श्री ज़ेलेंस्की से मुलाकात की थी और बातचीत जारी रखने के लिए कंपनी का एक प्रतिनिधिमंडल निकट भविष्य में यूक्रेन का दौरा कर सकता है।

 

 

Next Post

नौसैनिक जहाजों की कमी के बीच यूएस यूरोपीय कमान ने अमेरिका को दी चेतावनी

Sat Aug 1 , 2026
स्टूटगार्ट, 01 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी सेना की यूरोपीय कमान के कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच ने चेतावनी दी है कि यदि अतिरिक्त नौसैनिक संपत्तियां तैनात नहीं की गयीं तो अमेरिका को इजरायल के बजाय अपने देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, क्योंकि यूरोपीय कमान […]

You May Like