स्टूटगार्ट, 01 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी सेना की यूरोपीय कमान के कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच ने चेतावनी दी है कि यदि अतिरिक्त नौसैनिक संपत्तियां तैनात नहीं की गयीं तो अमेरिका को इजरायल के बजाय अपने देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, क्योंकि यूरोपीय कमान जहाजों की भारी कमी का सामना कर रही है।
अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से द वाशिंगटन पोस्ट ने रिपोर्ट की है कि श्री ग्रिनकेविच ने अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के शीर्ष नेतृत्व को लिखित चेतावनी भेजी है। इसमें कहा गया है कि नौसेना का एक और विध्वंसक पोत न मिलने पर उन्हें “अमेरिका या इजरायल में से किसी एक की सुरक्षा चुनने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।” अमेरिकी यूरोपीय कमान पूरे यूरोप और भूमध्य सागर में अमेरिकी सैन्य अभियानों की निगरानी करती है, जहां अमेरिकी नौसेना के विध्वंसक पोत अक्सर ईरान और यमन के हूती मिलिशिया के इजरायल पर दागी जाने वाली मिसाइलों एवं ड्रोन को रोकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेन के रोटा में तैनात कमान के पांच विध्वंसक पोतों में से दो शुक्रवार तक भूमध्य सागर में तैनात थे। इसके अलावा, द वाशिंगटन पोस्ट का कहना है कि नाटो क्षेत्र में संभावित रूसी घुसपैठ और अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम रूस की लंबी दूरी की मिसाइलों से सुरक्षा की जिम्मेदारी भी यूरोपीय कमान की ही है।
यह चेतावनी ऐसे समय में आयी है, जब पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य संसाधन अत्यधिक दबाव में हैं। इसके चलते अमेरिका अब यूरोप और पश्चिम एशिया की विविध सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए अतिरिक्त सैन्य साधन भेजने में संघर्ष कर रहा है, खासकर तब जब उसके अपने घरेलू भंडारों में भी कमी देखी जा रही है। पेंटागन ने अब तक इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। इसी तरह, अमेरिकी यूरोपीय कमान ने भी प्रतिक्रिया के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया, जबकि वाशिंगटन में इजराइली दूतावास के प्रवक्ता से भी तुरंत संपर्क नहीं हो सका।
