खेत विवाद में बुजुर्ग पर चढ़ाया ट्रैक्टर, हालत गंभीर

नीमच। जिले के ग्राम जावी में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में जबरन बुवाई का विरोध करने पर दबंगों ने कथित रूप से एक बुजुर्ग किसान पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीडि़त परिवार शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

अपनी ही जमीन पर बुवाई को लेकर हुआ विवाद

पीडि़त पक्ष के अनुसार, 3 जुलाई की शाम महेश नायक अपने माता-पिता और बहन के साथ खेत में बुवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव सरवानिया बोर निवासी गोविंद बावरी, मुकेश बावरी और पूजा बावरी उनकी भूमि पर ट्रैक्टर से कथित रूप से जबरन बुवाई कर रहे थे।

जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

पहले बहन को कुचलने का प्रयास, फिर पिता को बनाया निशाना

महेश नायक ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपी गोविंद बावरी ने पहले उनकी बहन के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह समय रहते पीछे हट गई। इसके बाद ट्रैक्टर सीधे उनके पिता गोपाल नायक की ओर बढ़ा दिया गया। ट्रैक्टर के पहिए उनके पैरों के ऊपर से गुजर गए, जिससे उनके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप

पीडि़त परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल नीमच सिटी थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। महेश नायक का कहना है कि इस भूमि विवाद को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ते गए।

एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीडि़त परिवार शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन संबंधी विवादों का समय रहते समाधान नहीं होने के कारण इस प्रकार की गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

100 वे स्वास्थ्य शिविर में 150 का हुआ स्वस्थ्य परीक्षण

Sun Jul 5 , 2026
धार. भोज शोध संस्थान के वृद्धजन चिकित्सा जांच शिविर का 100 वाँ शिविर स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में 150 वृद्धजनों की जांच के साथ सम्पन्न हुआ।भोज शोध संस्थान के निदेशक डॉ दीपेंद्र शर्मा ने बताया कि 2 अक्टूबर 2017 से सुपर 60 प्लस वृद्धजन चिकित्सा जाँच सेवा प्रकल्प की शुरुआत की […]

You May Like