छतरपुर: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय प्रभु प्रकाश खरे के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। सुबह करीब 7 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। परिवार को उनके बाहर जाने की कोई जानकारी नहीं थी, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।कुछ समय बाद किशोर सागर तालाब की सीढ़ियों के पास उनकी छड़ी और चप्पल पड़ी मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर इन वस्तुओं की पहचान की। विशेष बात यह है कि छड़ी पर प्रभु प्रकाश खरे का नाम, मोबाइल नंबर और पता लिखा हुआ था, जिससे उनकी पहचान तुरंत हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही, तालाब में तलाश के लिए SDRF टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कई घंटों तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रभु प्रकाश खरे तालाब तक कैसे पहुंचे और उनके लापता होने के पीछे क्या कारण है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
