मॉल में घुसे आतंकवादी, नागरिकों को बनाया बंधक 

मॉक ड्रिल आयोजित कर परखी गई व्यवस्थाएं

जबलपुर । शहर के हृदय स्थल समदड़िया मॉल में बुधवार दोपहर 4 बजे को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हथियारों से लैस आतंकवादी अचानक मॉल में घुस आए और वहां मौजूद नागरिकों को बंधक बना लिया। गोलियों की तड़तड़ाहट और धमाकों के बीच पूरे मॉल का माहौल दहशतभरा हो गया। यह दृश्य भले ही सच लग रहा था, लेकिन वास्तव में यह जबलपुर पुलिस द्वारा आयोजित मॉक ड्रिल थी जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद शहर की पहली बड़ी सुरक्षा जांच कवायद रही। मॉक ड्रिल की स्क्रिप्ट के अनुसार मॉल कर्मचारियों ने डायल 100 पर कॉल कर आतंकवादी हमले की सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर की पुलिस, बम निरोधक दस्ते, स्पेशल सेल, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस दल मौके पर पहुंच गए। हर सुरक्षा इकाई ने अपनी तय भूमिका निभाई और आतंकियों को काबू में कर मॉल के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

सायरन बजते ही काटी बिजली

जैसे ही सायरन बजा, मॉल की बिजली काट दी गई और वहां मौजूद लोगों को फौरन सतर्क कर बाहर निकाला गया। बीडीएस टीम ने बम की तलाश कर उसे निष्क्रिय करने का अभ्यास किया। फायर ब्रिगेड ने भी तत्परता से फर्जी आग लगने के दृश्य पर काबू पाया। पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर डटे रहकर हर गतिविधि की निगरानी की। हाल ही में देशभर में आतंकी हमलों की आशंका और ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। जबलपुर में इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा बलों की तत्परता और समन्वय का आकलन करना था।

 

प्रशासन की अपील

इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जबलपुर पुलिस और प्रशासन ने आम नागरिकों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने और आपात स्थिति में संयम बनाए रखने की अपील की। इस तरह की मॉक ड्रिल्स भविष्य में भी अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित की जाएंगी।

 

इनका कहना है

मॉक ड्रिल में सारी व्यवस्थाओं को परखा गया अभी एसी मॉक ड्रिल्स चलती रहेगी। जहाँ ख़ामी समझ आएगी उसे तत्काल दूर किया जाएगा।

दीपक सक्सेना, कलेक्टर, जबलपुर

 

यह मॉकड्रिल क्राउड कंट्रोल करने के ऊपर आयोजित की गई थी। कई लोग स्पॉट तक पहुँच रहे थे जिसको ध्यान में रखकर आगे की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

संपत उपाध्याय, एसपी, जबलपुर

Next Post

E-KYC देवरी की 11राशन दुकानों पर 5 हजार का जुर्माना

Wed May 7 , 2025
सागर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देशानुसार समस्त विक्रेताओं को समीक्षा बैठक में यह कार्य लक्ष्य अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिये गये थे। शासन के आदेशों का पालन नहीं […]

You May Like