
सतना . नागौद-उचेहरा मार्ग पर हुए सडक़ हादसे में एक अधेड़ महिला की जान चली गई. अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दिए जाने से बुरी तरह घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदहा गांव की निवासी महिला श्रीमती सुनीता जायसवाल उम्र 50 वर्ष सोमवार की सुबह अपने खेतों की ओर गई थीं. खेत का कार्य निबटाने के बाद वे वापस घर की ओर लौटने लगीं. बताया गया कि खेत से वापस घर की ओर लौटने के दौरान जैसे ही वे नागौद-उचेहरा मार्ग पर नंदहा रपटे के पास पहुंची वैसे ही सामने से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी. वाहन की टक्कर लगते ही श्रीमती जायसवाल बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर गईं. वहीं कुछ समय बाद पर स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई तो आनन-फानन में परिजनों को बुलाकर घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरु हुआ. लेकिन कुछ देर उपचार जारी रहने के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया. मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा परिजन सहित ग्रामीणों के बयान लिए गए. वहीं टक्कर मार कर जान लेने वाले वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए उसकी पहचान के प्रयास शुरु कर दिए गए हैं.
