भोपाल। रातीबड़ में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार केयरटेकर वरुण कुमार की गिरफ्तारी बनी हुई है। हत्या के बाद से वरुण पांच दिन से फरार है और उसकी तलाश में पांच राज्यों में पुलिस की 12 टीमें जुटी हैं। पुलिस की जांच अब हत्या के मकसद पर आकर अटक गई है। अब तक तीन प्रमुख थ्योरी सामने आई हैं—लूट, सुपारी किलिंग और विवाद के बाद आवेश में हत्या।
हत्या के बाद मोबाइल, सोने की चेन, अंगूठी, अन्य जेवर और नकदी गायब मिली, जिससे लूट का एंगल सामने आया। वहीं, राकेश अग्रवाल से जुड़े एक मामले में चार करोड़ और दूसरे में एक करोड़ रुपये की ठगी के तथ्य भी जांच में सामने आए हैं। ऐसे में पुराने विवाद और सुपारी किलिंग की आशंका को भी पुलिस खंगाल रही है। वहीं इस मामले पर हमने ACP अंकिता खातरकर से बात की और उन्होंने हमें बताया कि पुलिस के हाथ फिलहाल कोई बड़ी सफलता नहीं लगी है। जांच जारी है। आरोपी की आखिरी लोकेशन वृंदावन में मिली है और पांच राज्यों में 12 टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। अब पुलिस की नजर वरुण की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ पर है, जिससे इस हत्याकांड की असली वजह सामने आ सके।
