
इंदौर. एशियन गेम्स 2026 की तैयारी कर रही इंदौर की एक अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार से विदेशी कंपनी के नाम पर फर्जी ईमेल भेजकर 1 करोड़ 62 लाख रुपए की साइबर ठगी कर ली गई. शिकायत मिलते ही राज्य साइबर सेल जोन इंदौर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जालसाजों के बैंक खाते में राशि होल्ड कराई और पूरी 1.62 करोड़ रुपए की रकम शिकायतकर्ता के एचडीएफसी बैंक खाते में वापस करा दी.
खिलाड़ी ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी के लिए विदेशी कंपनी से घोड़ा खरीदने का अनुबंध किया था. मार्च से कंपनी के साथ भुगतान चल रहा था. 29 मई को जालसाजों ने कंपनी के संचालक के नाम से फर्जी ईमेल भेजकर बैंक खाता बदलने की जानकारी दी. ईमेल पर भरोसा कर खिलाड़ी ने 1.62 करोड़ रुपए नए खाते में ट्रांसफर कर दिए. बाद में कंपनी से संपर्क होने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ. शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने तकनीकी और कानूनी कार्रवाई करते हुए जेपी मॉर्गन बैंक में खाते पर तत्काल होल्ड लगवाया.
लगातार समन्वय के बाद मंगलवार 30 जून तक पूरी राशि सुरक्षित वापस करा दी गई. इससे पहले भी वर्ष 2025 में इसी परिवार के 3.75 करोड़ रुपए बिजनेस ईमेल फ्रॉड में वापस कराए जा चुके हैं.
मामले में पुलिस अधीक्षक साइबर जोन इंदौर सव्यसाची सराफ ने बताया कि ईमेल के जरिए बैंक खाता बदलने की सूचना मिलने पर बिना आधिकारिक पुष्टि किए भुगतान न करें. किसी भी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं .
