शिवपुरी: जिले के बदरवास क्षेत्र में सिंध नदी पर बने स्टॉप डेमों के कई गेट अज्ञात लोगों ने निकाल दिए हैं। वहीं, आरी घाट पर बने स्टॉप डेम के गेट खुले पड़े हैं, जिन्हें अब तक बंद नहीं कराया गया है। इसके कारण सिंध नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रेत माफिया अवैध खनन के उद्देश्य से जानबूझकर स्टॉप डेम के गेट खोल रहे हैं और निकाल रहे हैं।
पानी का स्तर कम होने से नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मशीनें आसानी से पहुंच जाती हैं, जिससे रेत निकालने में सुविधा होती है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि इन गेटों को जल्द बंद नहीं किया गया, तो आसपास के गांवों में भूजल स्तर गिर सकता है। इससे गर्मी के मौसम में कुएं, हैंडपंप और अन्य जल स्रोत प्रभावित हो सकते हैं। मवेशियों के लिए भी पानी की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है।आरी घाट के गेट कई दिनों से खुले हैं, और अब लिलवारा स्टॉप डेम के गेट भी निकाल दिए गए हैं, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
