जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास पहाड़ी में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से मानव खोपड़ी को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर के पास पहाड़ी में बुधवार शाम एक मानव खोपड़ी पड़ी थी.
जब इस पर राहगीरों को नजर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस को दी। मंदिर के पास मानव अवशेष मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुुंच गई। और जांच शुरू कर दी है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
दो साल पुराना कंकाल, एफएसएल जांच होगी
पुलिस के अनुसार, खोपड़ी को देखने से ऐसा लग रहा है कि यह करीब दो साल पुरानी है। पुलिस खोपड़ी को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी जांच के लिए भेज रही है, ताकि डीएनए और अन्य वैज्ञानिक परीक्षणों के जरिए मृतक की उम्र, लिंग और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
कबरबिज्जू, जानवरों द्वारा कब्र खोदने की आशंका
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर कबरबिज्जू व अन्य जानवर देखे जाते हैं। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि जानवरों ने किसी पुरानी कब्र को खोदकर इस खोपड़ी को निकाला होगा और यहां लाकर छोड़ दिया होगा। हालांकि, पुलिस इस मामले में हर संभावित एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
मिसिंग रिकॉर्ड, सीसीटीव्ही फुटेज भी खंगाले जा रहे
पिछले दो से तीन साल के भीतर क्षेत्र और आसपास के थानों से लापता हुए लोगों की सूची भी पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है। खोपड़ी मिलने के कारण पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह तंत्र-मंत्र या अघोरी क्रियाओं से जुड़ा मामला तो नहीं है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह देखा जा सके कि हाल ही में वहां कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई थी।
