
हटा/दमोह.जिला पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया व एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना हटा पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब व एक इलेक्ट्रिक स्कूटी जप्त की है. यह कार्रवाई थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 को रात में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुड़ई का एक व्यक्ति अपने साथी के साथ स्कूटी से अवैध शराब लेकर लुहारी की ओर आने वाला है.सूचना का विधिवत पंचनामा तैयार कर स्वतंत्र साक्षियों को साथ लेकर पुलिस टीम ने लुहारी मार्ग पर सुजानपुरा गांव के पास वाहन चेकिंग शुरू की.
चेकिंग के दौरान लुहारी की ओर से एक सिल्वर रंग की चेतक कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी आती दिखाई दी.पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक व पीछे बैठा व्यक्ति स्कूटी सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकले.तलाशी लेने पर स्कूटी के पास रखी एक बड़ी प्लास्टिक की बोरी में 6 पॉलीथीन में देशी प्लेन शराब तथा 6 पॉलीथीन में देशी मसाला (प्रिंस लेमन ऑरेंज) शराब रखी मिली. प्रत्येक पॉलीथीन में 25-25 पाव शराब थी। इस प्रकार कुल 300 पाव (150 प्लेन व 150 मसाला) देशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 54 लीटर है, बरामद की गई.
पुलिस ने मौके से बरामद चेतक कंपनी की सिल्वर रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी व अवैध शराब को विधिवत जप्त कर लिया है.ग्राम कुडई निवासी आरोपी विद्दु दहायत व एक अन्य के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इस सफल कार्यवाही में प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, आरक्षक पवन पटेल, सोनू कुर्मी आदि की भूमिका सराहनीय भूमिका रही। फिलहाल दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
