इंदौर: मेट्रो रेल के चीफ कमिश्नर अगले हफ्ते इंदौर में दूसरे चरण की 11.5 किलोमीटर लंबी लाइन का निरीक्षण की संभावना है. सीएमआरएस निरीक्षण के बाद ही अगले चरण में मेट्रो के व्यवसायिक संचालन की अनुमति जारी होगी. अनुमति मिलने के बाद मेट्रो रेल का 17 किलोमीटर लंबी लाइन पर संचालन शुरू हो जाएगा.शहर में मेट्रो रेल के 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर पर व्यवसायिक संचालन इस महीने के अंत तक शुरू होने के संभावना बढ़ गई है.
इसका कारण यह है कि मेट्रो रेल के चीफ कमिश्नर की अगले हफ्ते आने के संभावना है. उप सीएमआरएस का दल पिछले महीने निरीक्षण कर मेट्रो के नए 11.5 किलोमीटर की रिपोर्ट सौंप चुका है. ध्यान रहे कि पहले चरण में मेट्रो गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर 3 तक चल रही है, जो 6 किलोमीटर का ट्रेक है. दूसरे चरण का 11.5 किलोमीटर लंबा ट्रेक, जो एमआर 10 सड़क को कवर करते हुए पूर्वी रिंग रोड के मालवीय नगर तक पूरा हो चुका है.
स्थानीय मेट्रो ने सभी 11 स्टेशन और अन्य कार्य पूरा कर दिया है. उक्त नए 11.5 किलोमीटर पर व्यवसायिक रन शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली है. दिल्ली से सुपर कॉरिडोर 03 से मालवीय नगर चौराहे तक तकनीकी और सिविल दोनों कार्यों का निरीक्षण करने सीएमआरएस का दल आएगा. सिविल में मेट्रो ट्रेक, एलिवेटेड कॉरिडोर और स्टेशन निर्माण कार्य की जांच की जाएगी. वहीं तकनीकी कार्य में ऑटोमेटिक इंट्री एग्जिट, इलेक्टि्रक कार्य, कंप्यूटर ऑपरेटिंग, एस्केलेटर, लिफ्ट सहित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा.
मार्च अंत तक चलना संभावित
ऐसी संभावना है कि सीएमआरएस के निरीक्षण करने के बाद गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहे तक मेट्रो दौड़ना शुरू हो जाएगी. पूर्व निर्धारित लक्ष्य के तहत मार्च अंत तक या रामनवमी पर 11.5 किलोमीटर नए ट्रेक पर मेट्रो चलना संभावित है.
