इंदौर: आज सुबह निगम आयुक्त ने रंगपंचमी पर निकलने वाली गैरों को लेकर मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जर्जर मकानों पर सुरक्षा, सड़कों पर पेचवर्क, केबल वायर हटाने और गैर के बाद विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए.आयुक्त क्षितिज सिंघल आज सुबह 7 बजे टोरी कॉर्नर ,गौराकुंड चौराहा से गैर मार्ग का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने गैर में शामिल होने वाले वाहनों की संभावित संख्या, मार्ग की वर्तमान स्थिति तथा मार्ग में आने वाले जर्जर एवं खतरनाक भवनो को चिन्हित कर कार्यवाई के निर्देश दिए. जर्जर भवनों पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं.आयुक्त ने पूरे गैर मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने आदेश दिए. साथ ही सुरक्षा के लिए सभी प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नियंत्रण कक्ष से निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश अधिकारियों को दिए.
मंदिरों, इमारतों को तिरपाल से ढकें
आयुक्त ने गैर मार्ग की मुख्य सड़क पर मरम्मत कार्य करने और राजवाड़ा, गोपाल मंदिर एवं अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक/धार्मिक इमारतों की सुरक्षा हेतु तिरपाल से ढांकने का भी अधिकारियों से कहा है. शहर में गैर खत्म होने के बाद सभी गैर मार्गों तथा बाजारों में विशेष सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए तुरंत सफाई करने के आदेश दिए. निरीक्षण के दौरान सभी अपर आयुक्त, क्षेत्र के झोनल अधिकारी, भवन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
