
आष्टा. नगर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नपा प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सोमवार को अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई गई. अतिक्रमण की कार्यवाही नगर के अलीपुर नवीन पुल से लेकर भोपाल नाके तक की गई. जिसमें दोनों साइड का अतिक्रमण तोड़ा गया और व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई कि आगे यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोमवार को नगरपालिका और पुलिस प्रशासन टीम ने सीएमओ राजेश सक्सेना, एसडीओपी आकाश अमलकर, एवं पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार ने अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर अलीपुर नवीन पुल से भोपाल नाके तक सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया. टीम ने मौके पर मौजूद व्यापारियों को चेताया कि यदि दोबारा कब्जा किया गया तो न सिर्फ अर्थदंड, बल्कि विधिक कार्रवाई भी की जाएगी.
