लक्ष्य रायचंदानी के 240 रन की बदौलत भारत अंडर-19 की पारी से जीत

राजकोट, 29 सितम्बर (वार्ता) लक्ष्य रायचंदानी के 240 रन और मोहित उलवा, ईशान ओम और यशवर्धन चौहान की शानदार गेंदबाज़ी ने भारत अंडर -19 को पहले यूथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ पारी और 48 रन से जबरदस्त जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 217 रन के जवाब में भारत ने 494 रन बनाए। इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ़ 229 रन ही बना सकी। ओम और यशवर्धन ने मिलकर उनके सभी 10 विकेट झटके। ब्लेक कैटल ने 123 रन बनाए, जो मैच में उनका दूसरा शतक था, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ ज़्यादा देर टिक नहीं सके और भारत ने तीसरे ही दिन जीत दर्ज कर ली।

रायचंदानी ने नाबाद 210 रन से आगे खेलते हुए 30 रन और जोड़े, लेकिन दिन के पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने उलवा के साथ नौवें विकेट के लिए 180 रन की साझेदारी की। उलवा ने 84 गेंदों पर 92 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। लेफ़्ट-आर्म स्पिनर ओम ने एक ही ओवर में तीन विकेट झटक लिए। उन्होंने हेडन बार्बुलोविक, कप्तान मैथ्यू लव और ज़ेड हॉलिक को आउट किया, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 17 रन पर तीन विकेट हो गया। इसके बाद कैटल ने ओपनर नील पटेल के साथ मिलकर पारी संभाली और दोनों ने 60 रन की साझेदारी की। यशवर्धन ने इस साझेदारी को तोड़ा और पटेल को 41 रन पर बोल्ड कर दिया।

26वें ओवर में यशवर्धन ने लगातार दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों को एक और बड़ा झटका दिया और उनका स्कोर छह विकेट पर 87 रन हो गया। इसके बाद उन्होंने केसी बार्टन को 8 रन पर आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। हालांकि, कैटल तेज़ स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाते रहे और दूसरे छोर से उन्हें ज़्यादा साथ नहीं मिला। उन्होंने 114 गेंदों पर 123 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और चार छक्के शामिल थे। उनकी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया 200 के पार पहुंचा, लेकिन 58वें ओवर में यशवर्धन ने उनका भी विकेट ले लिया। ओम ने एक और विकेट लेकर मैच में अपने विकेटों की संख्या नौ कर ली, जबकि यशवर्धन ने आख़िरी बल्लेबाज़ को आउट करके छह विकेट पूरे किए और मैच में उनके विकेटों की संख्या आठ हो गई। भारत अंडर-19 : 494 (रायचंदानी 240, उलवा 92, बार्टन 3-83) ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 : 217 (कैटल 102, हॉलिक 59, ओम 5-53) और 229 (कैटल 123, यशवर्धन 6-75, ओम 4-62) को पारी और 48 रन से हराया।

.....

Next Post

शेयर बाजार में गिरावट क्यों नहीं थम रही? जानिए निफ्टी पर दबाव की बड़ी वजहें

Tue Sep 29 , 2026
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है। 29 सितंबर को कारोबार के दौरान निफ्टी और सेंसेक्स दोनों छह महीने के निचले स्तर के आसपास पहुंच गए। सुबह करीब 9:50 बजे निफ्टी 22,606 और सेंसेक्स 72,180 के आसपास कारोबार कर रहे थे। हालांकि, दिन के […]

You May Like