
सौसर। हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396 वीं जयंती के उपलक्ष्य में श्री शिवराय संगठन’ सौसर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्री शिवजन्मोत्सव’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आगाज राष्ट्रध्वज वंदन और ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के गायन के साथ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। आयोजन के प्रथम दिन राहुल मोहोड़ मित्र मंडली’ के विशेष सहयोग से आयोजित 10 किमी की शौर्य दौड़ में क्षेत्र एवं पड़ोसी जिलों के 100 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। जय शिवराय के गगनभेदी उद्घोष के साथ धावकों ने अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया।
*कलेक्टर ने की स्थानीय अवकाश की घोषणा*
पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ ने की। विशेष अतिथि के रूप में पांढुर्णा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश एवं एसडीओपी श्रीमती प्रियंका पांडे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शिवाजी महाराज की जयंती पर स्थानीय अवकाश की घोषणा की, जिसका श्री शिवराय संगठन ने हृदय से आभार व्यक्त किया।
*विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार और मेडल*
प्रतियोगिता के सफल धावकों को नकद राशि, स्मृति चिन्ह (शील्ड), मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया जिसमे बालक वर्ग में प्रथम राजन यादव नागपुर द्वितीय निखार भलावी गोंदिया इसी तरह तृतीय स्थान रूपेश चौरे रिधोरा ने प्राप्त किया। बालिका वर्ग में प्रथम प्रतिमा परतेती द्वितीय मयूरी ददघाये तथा तृतीय स्थान पर रोशनी इवनाती रही। इसके अलावा विशेष सम्मान के रूप में नन्हे धावक शिवांश पंकज धमधर को उनके अदम्य उत्साह के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप मेडल और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
*गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति*
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़, पूर्व नपाध्यक्ष लक्ष्मण चाके, संजय राठी, गोपाल शर्मा अध्यक्ष, जामसंवली धाम, नपाध्यक्ष सुरेखा इंद्रचंद डागा, उपाध्यक्ष विनोद जुनघरे, पूर्व पार्षद दर्शन झाड़े, माया राउत, उषा भमोरे, जनपद अध्यक्ष संजय भूते, पूर्व सैनिक आशीष ठाकरे, रमेश गौतम एवं श्री शिवराय संगठन के अध्यक्ष प्रदीप बिघाने सहित संगठन के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
*संगठन ने जताया आभार -*
श्री शिवराय संगठन के अध्यक्ष प्रदीप बिघाने ने पुलिस प्रशासन, नगर पालिका और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आगामी दो दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम और शिव चरित्र व्याख्यान का भव्य आयोजन किया जाएगा।
