सीहोर। मंडी शुल्क में की गई बढ़ोतरी के विरोध में प्रदेश सहित सीहोर में भी व्यापारियों का आक्रोश देखने को मिला. गल्ला व्यापारी एसोसिएशन के आह्वान पर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल रखकर ज्ञापन सौंपा गया.
व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से बढ़े हुए मंडी शुल्क को तुरंत वापस लेने की मांग की गई है. व्यापारियों का कहना है कि सरकार ने मंडी शुल्क को बढ़ाकर सीधे 1.50 प्रतिशत कर दिया है. यह सीधे तौर पर 50 प्रतिशत की भारी वृद्धि है, जिसका सीधा असर व्यापारियों के साथ उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा. व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि आज की यह हड़ताल केवल एक सांकेतिक विरोध था. यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया और बढ़े हुए मंडी शुल्क को वापस स्थिर नहीं किया, तो आने वाले दिनों में व्यापारी वर्ग अपने हक के लिए एक आंदोलन के लिए मजबूर होगा.
