वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया

प्रॉविडेंस, 12 जुलाई (वार्ता) अल्जारी जोसेफ (चार विकेट) के बाद केसी कार्टी (95) और कप्तान शाई होप (नाबाद 87) रनों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने पहले एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात गेंदें शेष रहते सात विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने 49.5 ओवरों में 265 रन के स्कोर पर समेट दिया। डैरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक (65) रनों की पारी खेली। वहीं विंग ने (49),माइकल ब्रेसवेल (29), हेनरी निकल्स (27), मार्क चैपमैन (27), टॉम लेथम (25) और कप्तान मिचेल सैंटनर ने (21) रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ ने चार विकेट लिये। वाइटल लेविस को तीन विकेट मिले। गुडाकेश मोती ने दो और खारी पिएर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 48.5 ओवर में तीन विकेट पर 268 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 28 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। पांचवें ओवर में जैकब डर्फी ने जॉन कैंपबेल (11) को आउट किया। इसके बाद अकीम अग्युस्त और केसी कार्टी ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। अकीम अग्युस्त (38) को 19वें ओवर में जेडेन लेनॉक्स ने आउट किया। इसके बाद शाई होप ने केसी कार्टी के साथ तीसरे विकेट के लिए 131 रन जोड़कर वेस्टइंडीज की जीत सुनिश्चत की। 44वें ओवर में माइकल ब्रेसवेल ने शतक की ओर बढ़ रहे केसी कार्टी को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। केसी कार्टी ने 112 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (95) रनों की पारी खेली। कप्तान शाई होप ने 92 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए (नाबाद 87) रन बनाये। शरफ़ेन रदरफोर्ड (22) रन बनाकर नाबाद रहे।

 

 

Next Post

बॉम्बे हाईकोर्ट ने नागपुर नगर निगम को लगायी फटकार , फहीम खान के घर पर चुनिंदा बुलडोजर कार्रवाई पर जवाब मांगा

Sun Jul 12 , 2026
नागपुर, (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने नागपुर हिंसा के आरोपी फहीम खान का घर गिराने को लेकर नागपुर नगर निगम (एनएमसी) को फटकार लगायी और सवाल किया कि दूसरे अवैध निर्माणों के खिलाफ ऐसी तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति राज वाकोडे […]

You May Like