सेंट्रल दिल्ली किंग्स की लगातार दूसरी जीत

नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित 10-10 ओवर के मुकाबले में टीम ने आउटर दिल्ली वॉरियर्स को चार विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 9.5 ओवर में छह विकेट खोकर 133 रन बनाते हुए रोमांचक जीत हासिल की। टीम की जीत के नायक विकेटकीपर बल्लेबाज़ वंश बेदी रहे, जिन्होंने मात्र 16 गेंदों में नाबाद 47 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के जड़े। कप्तान यश धुल ने 16 गेंदों में 35 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि जोंटी सिद्धू ने 12 गेंदों में 25 रन की उपयोगी पारी खेली।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट पर 130 रन बनाए। याजस शर्मा ने 16 गेंदों में 39, मोहित पंवार ने 18 गेंदों में 37 और अक्षय सैनी ने 15 गेंदों में 31 रन की तेज़ पारियां खेलीं।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से केशव डबास सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 14 रन देकर दो विकेट झटके। अरुण पुंडीर, तेजस बारोका और गावनिश खुराना को एक-एक सफलता मिली।आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से प्रथम सलूजा और अमन चौधरी ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बल्लेबाज़ों को जीत से नहीं रोक सके।

लगातार दूसरी जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है, जबकि आउटर दिल्ली वॉरियर्स को इस मुकाबले में करीबी हार का सामना करना पड़ा।

 

 

Next Post

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती विस्फोट, पांच की मौत, दस से ज्यादा घायल

Sun Aug 2 , 2026
इस्लामाबाद, 02 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार शाम एक पुलिस स्टेशन के बाहर संदिग्ध आत्मघाती हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी और 10 से ज्यादा लोग घायल हो गये। शहर के पुलिस प्रमुख मोहम्मद उमर ने पत्रकारों को बताया कि […]

You May Like