
मकाय, 10 अगस्त (वार्ता) सियाना जिंजर (नाबाद 17 रन/ 4 विकेट) के शानदार आलराउंड प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम ने रविवार को तीसरे अनौपचारिक टी-20 मुकाबले मे इंडिया ए को चार रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चार रन के स्कोर पर दिनेश वृंदा (चार) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी उमा छेत्री भी मात्र तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गई। राघवी बिष्ट ने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। आठवें ओवर में सियाना जिंजर ने शेफाली वर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए (41) रन बनाये।
इसके बाद जीत की ओर बढ़ रही इंडिया ए को सियाना जिंजर ने राघवी बिष्ट को स्टंप आउट कराकर चौथा झटका दिया। राघवी बिष्ट ने 25 गेंदों मे दो चौकों की मदद से 25 रन बनाये। मिन्नू मनी 29 गेंदों में (30) के रनआउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ए ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली। इसके बाद इंडिया ए का कोई बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सका। कप्तान राधा यादव (नौ), तनुजा कंवर (एक) और सजीवन सजना (तीन) रन बनाकर आउट हुई। मिन्नू मनी के (30) का टीम के 116 के स्कोर पर पांचवें खिलाड़ी के रूप में रनआउट होना इंडिया ए के लिए घातक रहा और इसके साथ ही उसकी जीत की उम्मीद टूट गई। इंडिया ए टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 140 रन ही बना सकी और चार रन से मुकाबला हार गई।
ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम के लिए सियाना जिंजर ने चार ओवर में 16 रन देकर चार विकेट लिये। लूसी हैमिल्टन और एमी एडगर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिसा हीली और तालिया विल्सन की सलामी जोड़ी पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। छठे ओवर में सजीवन सजना ने एलिसा हीली (27) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद राधा यादव ने तालिया विल्सन (14) को राधा यादव ने आउट किया। कोर्टनी वेब (एक), अनिका लीरॉइड (21) और मैडेलिन पेन्ना (39) को प्रेमा रावत ने आउट किया। कप्तान निकोल फॉल्टम (11), टेस फ्लिंटॉफ (11) रन बनाकर आउट हुई। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 144 का स्कोर खड़ा किया। सियाना जिंजर सात गेंदों में 17 रन बनाकर नाबाद रही।
इंडिया ए की ओर से प्रेमा रावत और राधा यादव ने तीन-तीन विकेट लिये। सजीवन सजना ने एक बल्लेबाज को आउट किया
