
इंदौर। भंवरकुआ पुलिस ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के खातों में जमा करीब 10 लाख रुपए की राशि भी फ्रीज कराई है.
पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर निवेश से जुड़ा लिंक भेजकर व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा. शुरुआत में मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता, फिर फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन के जरिए बड़ी कंपनियों के शेयर सस्ते में दिलाने का झांसा दिया. बाद में पेमेंट नहीं करने पर नुकसान का दबाव बनाकर अलग अलग खातों में करीब 93 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए. एप्लीकेशन में करोड़ों का फायदा दिखता रहा, लेकिन पैसा निकालने पर कुछ नहीं मिला. मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान खातों को फ्रीज कर 10 लाख रुपए सुरक्षित किए. पड़ताल में सामने आया कि आरोपी कमीशन के बदले बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी को अंजाम देते थे और आपस में टेलीग्राम के जरिए जुड़े हुए थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें विशाल चौहान (बीड, महाराष्ट्र), गणेश (बीड, महाराष्ट्र), आशीष पंवार (देवास), नैवेध्य सिरोंजा (देवास) और रश्मिरंजन (पुरी, ओडिशा) शामिल हैं. थाना प्रभारी संतोष दुधी का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क के और मामलों के खुलासे की संभावना है.
