न्याय की गुहार या मानसिक विक्षिप्तता? गुना कलेक्ट्रेट में युवक के ड्रामे से मचा हड़कंप

गुना: कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक अर्धनग्न अवस्था में न्याय की गुहार लगाने पहुंच गया। युवक का आरोप था कि उसके साथ लूटपाट हुई है और पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। काफी देर तक कलेक्ट्रेट के गेट पर युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।जानकारी के मुताबिक गुना तहसील के ग्राम बरखेड़ागिर्द निवासी खेरू आदिवासी नामक युवक मंगलवार को अर्धनग्न हालत में कलेक्ट्रेट पहुंचा था।

युवक ने दावा किया कि उसने पिछले तीन वर्षों में मजदूरी करके 5 लाख रुपये जोड़े थे, जिन्हें टोल टैक्स के पास कुछ लोगों ने लूट लिया। युवक के मुताबिक, आरोपियों ने न केवल उसके पैसे छीने बल्कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए और मारपीट कर उसे भगा दिया। उसने बताया कि इन पैसों से उसके भांजे का विवाह संपन्न होना था। युवक का आरोप है कि वह इस घटना की शिकायत लेकर संबंधित पुलिस थाने पहुँचा था, लेकिन वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी फरियाद सुनने के बजाय आवेदन फाड़कर फेंक दिया।

कलेक्ट्रेट में जब उसने भीतर घुसने का प्रयास किया, तो तैनात महिला गार्ड और सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया। हंगामे के दौरान युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षाकर्मियों का दावा है कि युवक अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसके कारण उसकी जुबान लड़खड़ा रही थी और वह रह-रहकर रोने लग रहा था। हालांकि, युवक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि के लिए कोई मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधिकारियों ने युवक को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद युवक कलेक्ट्रेट से लौट गया। फिलहाल, पुलिस मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए युवक के दावों और उसकी मानसिक स्थिति की जाँच कर रही है।

Next Post

गैस सिलेंडर हेरफेर मामला: फीनिक्स और बीएस एचपी गैस एजेंसी की जांच पूरी, कलेक्टर को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

Tue Apr 21 , 2026
भोपाल: जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच जिला खाद्य आपूर्ति प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी में सामने आई अनियमितताओं की जांच अब पूरी हो चुकी है. जेके रोड स्थित फीनिक्स एचपीसीएल और कोटरा सुल्तानाबाद की बीएस एचपी गैस एजेंसी में सिलेंडरों के हेरफेर के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं.जांच […]

You May Like