इंदौर:कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में नए वन्य मेहमानों के आगमन से शहर में उत्साह का माहौल है. एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत चिड़ियाघर को 7 नए जीव मिले हैं, जिनमें 2 शुतुरमुर्ग, 1 हिप्पोपोटामस और 4 एनाकोंडा शामिल हैं.चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, इंदौर से एक शेर दिया गया था, जिसके बदले में ये वन्यजीव इंदौर पहुंचे हैं.
इस एक्सचेंज का उद्देश्य देश के विभिन्न चिड़ियाघरों के बीच जैव विविधता को बढ़ाना और पर्यटकों को नए जीवों से रूबरू कराना है. चिड़ियाघर प्रबंधन ने सभी नए जानवरों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार किया है. उनकी देखरेख के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि वे नए माहौल में आसानी से ढल सकें. आने वाले दिनों में इन जानवरों को आम जनता के लिए प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.
