
छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने छिरावल, इकारा और लखनगुवां ग्राम क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में बंद पड़ी गौशालाओं की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गौशालाओं का संचालन तुरंत शुरू किया जाए, ताकि गौवंश को भोजन, पानी और सुरक्षित आवास मिल सके।
सीईओ अरजरिया ने संबंधित अधिकारियों और सरपंचों को चेतावनी दी कि गौशाला संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चारा, चिकित्सा सुविधा और देखरेख की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाए, क्योंकि यह न केवल पशु संरक्षण से जुड़ा मुद्दा है बल्कि ग्रामीण व्यवस्था की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की और कहा कि आवारा पशुओं की समस्या तभी दूर होगी जब गौशालाएं व्यवस्थित रूप से चलेंगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता और पशु स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की रिपोर्ट तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
