काश्यप ने बढ़ाई सैलाना में गतिविधियां

मालवा- निमाड़ की डायरी

संजय व्यास

रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट पर 1967 से कांग्रेस के गहलोत परिवार का दबदबा रहा. इस परिवार से प्रभुदयाल गहलोत 7 बार विधायक चुने गए. एक बार उनके पुत्र हर्ष विजय (2018) ने जीत हासिल की. भाजपा के खाते में एकमात्र जीत 2013 में संगीता चारैल के रूप में दर्ज है, जिन्होंने गहलोत परिवार का गढ़ ढहाया था. गत चुनाव में भाजपा ने दूसरी जीत के लिए पूरा जोर लगा दिया था, पर भाजपा लहर के बावजूद उलटफेर के बीच आश्चर्यजनक रूप से ये सीट भारतीय आदिवासी पार्टी के कमलेश्वर डोडियार ने जीत ली. इसके बाद से ही भाजपा 2028 के चुनाव में इस सीट पर जीत की तैयारी में जुटी हुई है. उसे कांग्रेस और बाप के दो मोर्चो से इस बार निपटना होगा. सैलाना विधानसभा पर जीत का टारगेट लेकर चल रही भाजपा यहां कुछ समय पूर्व हजारों किसान और युवाओं को पार्टी से जोड़ चुकी है.

रतलाम विधायक व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भी सैलाना विधान सभा क्षेत्रवासियों के बीच गतिविधियां बढ़ा दी है. विगत दिनों विधानसभा क्षेत्र के विकास के बहाने मंत्री काश्यप ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के साथ पंचायतों में विकास की योजना, ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं, सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरपंचों से चर्चा की और पूर्ण सहयोग की बात कही. भाजपा की रणनीति क्षेत्र में गत चुनाव में बाप की ओर झुक गए आदिवासी मतदाताओं को भाजपा की रीति-नीति से जोडऩे की है. इसीलिए काश्यप ने आदिवासी विकास परिषद अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच सतीशचंद्र डोडियार के माध्यम से विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरपंचों, आदिवासी नेताओं से निकटता बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं.

बेडेकर की संवेदना पर किसान आसक्त

अलीराजपुर कलेक्टर अभय अरविंद बेडेकर इन दिनों जनमानस में छाए हुए हैं. हाल ही में अलीराजपुर मंडी में आम की नीलामी औने-पौने दाम में होती देख मंडी सचिव की लू उतार दी. जहां व्यापारियों द्वारा काकस बनाकर किसानों का आम प्रति किलो साढ़े छह रुपये के भाव से खरीदा जा रहा था जिसकी बाजार में कीमत तकरीबन 80 रुपये है. मंडी पहुंचे कलेक्टर बेडेकर को किसानों ने इसमें मंडी कर्मचारियों की मिलीभगत का इशारा भी किया. किसानों को लुटता देख बेड़ेकर ने मंडी अधिकारियों और व्यापारियों को फसलों के इतने कम मूल्यांकन पर फटकार लगाई.

इसके अगले दिन ही उन्होंने डिप्टी कलेक्टर, कृषि अधिकारी एवं तहसीलदार की सतत निगरानी किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलवाने के लिए मंडी प्रंागण में निलामी शुरू करवा दी. अब गुणवत्ता के आधार पर किसानों के आमों की निलामी की शुरूआती दर तय कर बोली लगाई जा रही है और किसानों को अच्छे-खासे दाम मिल रहे है. कलेक्टर बेडेकर की अन्याय के खिलाफ कार्रवाई तथा गरीब किसानों के प्रति दिखाई संवेदना के लिए किसान उन पर आसक्त हो गए हैं, साथ ही दुआ दे रहे हैं. बेड़ेकर की मंडी अधिकारियों व व्यापारियों को फटकार का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनके कायल हो रहे हैं.

…और इधर नेताजी की अमानवीयता

खरगोन जिले में पंचायत चुनाव की हार का बदला भीषण गरमी में पानी के लिए जूझ रहे ग्रामीणों से हैंडपंप उखाड़ कर लिया. महाराष्ट्र सीमा से लगी खरगोन जिले की आदिवासी बाहुल्य की ग्राम पंचायत बुंदा में नेताजी कैलाश रामसिंह अलावे ने पंचायत चुनाव लड़ा था और वो हार गए. उनको लगा कि इस फालिया वालों ने वोट नहीं दिया है. उसी बात को लेकर उन्होंने अमानवीय कृत्य कर डाला. ग्रामीणो के पेयजल का एकमात्र साधन हैंडपंप था, जिसे तथाकथित रूप से उन्होंने उखाड़ डाला. अब ग्रामीण दूर-दराज के दूसरे फालिया से पानी लाने को मजबूर हैं. यही नहीं वह उसके कुएं से भी ग्रामीणों को पानी भरने व पीने नहीं देता है. राजनीति के शिकार ग्रामीण अब न्याय की गुहार में दर-दर भटक रहे हैं.

Next Post

विन्ध्य का बदल सकता है राजनैतिक परिदृश्य !

Tue May 27 , 2025
विन्ध्य की डायरी डॉ रवि तिवारी वर्षों बाद रीवा में आयोजित मध्यक्षेत्र के प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संघ प्रमुख डॉ मोहनराव भागवत का तीन दिवसीय प्रवास विन्ध्य की राजनीति का परिदृश्य बदल सकता है. जानकारों की अगर माने तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का ध्यान वर्तमान में भविष्य की व्यवस्थाओं पर […]

You May Like