
बुधनी। दुसाहसी चोरों ने एक बार फिर जिले में अपनी जोरदार दस्तक दर्ज कराई है. वर्धमान फैब्रिक्स की ऑफिसर कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने पांच मकानों के ताले चटका दिए. हाई प्रोफाइल इलाके में हुई इस चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. वारदात में लाखों रुपए कीमत के सामान के चोरी होने की आशंका जताई जा रही है.
जिले में चोरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं, क्योंकि लंबे समय से पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पा रही है. नतीजतन शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात बुदनी स्थित वर्धमान फैब्रिक्स ऑफिसर कॉलोनी में चोरों ने पांच घरों के ताले चटकाए और लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड लेकर जांच शुरू की है. इधर सीहोर में फिर एक पॉश कॉलोनी में मंदिर से दान-पेटी चोरी होने का मामला सामने आया है.पिछले दो महीने में शहर के मंदिरों में चोरी का यह चौथा मामला सामने आया है. लेकिन पुलिस बदमाशों को नहीं दबोच पा रही है.
जानकारी के अनुसार बुदनी में वर्धमान फैब्रिक्स की ऑफिसर कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने पांच मकानों पर धावा बोला और पांच घरों तो ताले चटका दिया. इन घरों में रहने वाले अधिकारी दीपावली और छठ पर्व मनाने बाहर हुए थे. घटना की जानकारी मिलते ही प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और जांच शुरू की गई. चोरी की यह वारदात वर्धमान फेब्रिक्स की ऑफिसर कॉलोनी के ब्लॉक सी, डी और ई में हुई है. एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी मुआयना करने पहुंचे. मामले की गंभीरता को देख एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया. एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि वर्धमान प्रबंधन ने कॉलोनी में चोरी की सूचना दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है. एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से बारीकी से जांच की जा रही है. लोगों के अनुसार चोर यहां से लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर गए हैं, लेकिन जब तक परिजन नहीं पहुंचते, तब तक चोरी का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नगर की अति सुरक्षित कालोनी में इस तरह चोरी की वारदात ने वर्धमान फैक्ट्री कंपनी प्रबंधन की लापरवाही को उजागर किया है.
मुख्यालय पर भी चोरों के आगे पुलिस पस्त
जिला मुख्यालय पर भी चोरों ने आतंक मचा रखा है. बीते दो माह में तो चोरों ने धार्मिक स्थानों को निशाना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. बीते दिनों नमक चौराहा, पुराना बस स्टैंड और नदी चौराहे के समीप श्री बंदीमुक्त हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं हो सका. इधर शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात दांगी स्टेट स्थित महादेव मंदिर से चोर दानपेटी ही चुरा ले गए. अगले दिन लोगों को वारदात का पता चला. पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जब आसपास तलाशी ली तो कूड़े के ढेर पर टूटी दानपेटी मिली है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोर की तलाश प्रारंभ कर दी है.
