इंदौर: हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में परसों से मुकदमों की सुनवाई की पूरी तस्वीर बदलने जा रही है. एक्टिंग चीफ जस्टिस के आदेश पर इंदौर बेंच के लिए नया रोस्टर जारी कर दिया है. इस नए शेड्यूल के तहत सबसे बड़ा बदलाव डिवीजन बेंच में देखने को मिलेगा. हाल ही में इंदौर बेंच के प्रशासनिक न्यायाधीश नियुक्त किए गए जस्टिस सुबोध अभ्यंकर अब जस्टिस आलोक अवस्थी के साथ जुगलबंदी करेंगे. यह द्विसदस्यीय पीठ गंभीर और जनहित से जुड़े मामलों की लाइव सुनवाई करेगी.
सिंगल बेंचों में मुकदमों के तुरंत निपटारे के लिए पांच कप्तानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसमें जस्टिस विनय सराफ, जस्टिस संदीप एन. भट्ट, जस्टिस गजेंद्र सिंह, जस्टिस जय कुमार पिल्लई और जस्टिस पवन कुमार द्विवेदी अपनी-अपनी एकल पीठ में केस सुनेंगे. गौरतलब है कि हाल ही में जस्टिस विजय कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद से इंदौर खंडपीठ में जजों की संख्या में एक की कमी आई है. वकीलों और वादियों को उम्मीद है कि केसों के भारी बोझ को देखते हुए मुख्य पीठ जल्द ही यहाँ एक और जज की रवानगी तय कर सकती है.
