महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट, जातिगत अपमान का मामला
इंदौर: अजाक थाने पहुंची एक महिला ने धोखाधड़ी के साथ ही जातिगत अपमान करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. महिला के साथ 30 लाख रुपए नगद के साथ ही सोने चांदी के गहनों की ठगी कर जातिसूचत शब्दों का इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की है.
अजाक थाने पहुंची 40 वर्षीय महिला ममता भगौरे ने 30 लाख रुपए और सोने-चांदी के गहनों की ठगी सहित जातिसूचक अपमान और धमकी का गंभीर आरोप लगाते हुए हेमलता प्रजापत और उसके बेटे शुभम प्रजापत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. पीड़िता ममता भगौरे ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी हेमलता और शुभम प्रजापत ने चार महीने पहले 5 लाख रुपए उधार लिए और एक महीने में वापस लौटाने का वादा किया.
इसके बदले में स्टांप पेपर पर लिखित अनुबंध और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए आश्वासन दिया। कुछ समय बाद आरोपियों ने फिर से 25 लाख रुपए की मांग की, यह कहते हुए कि उनकी धार रोड स्थित संपत्ति का सौदा हो चुका है और वे जल्द ही पैसे लौटा देंगे. इसके अलावा, हेमलता प्रजापत ने ममता भगौरे को यह कहकर झांसे में लिया कि वह सोने-चांदी के गहने किराए पर देकर मुनाफा कमा सकती है. इसी बहाने पीड़िता के सोने-चांदी के गहने ले लिए और बाद में पता चला कि हेमलता ने वे गहने सूरज ज्वेलर्स को बेच दिए. जब पीड़िता 10 दिसंबर 2024 को आरोपियों के घर अपने पैसे और गहने वापस मांगने पहुंची, तो हेमलता और शुभम प्रजापत ने कथित रूप से गाली-गलौच की, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता द्वारा प्रस्तुत वीडियो क्लिप, स्टांप पेपर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. पीड़िता द्वारा पेश किए गए वीडियो फुटेज और अन्य दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
