श्रीनगर, 02 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर सरकार, जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग और भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) ने आज संयुक्त रूप से जे एंड के ओपन के पांचवें संस्करण की घोषणा की। यह टूर्नामेंट 4 से 7 अगस्त, 2026 तक श्रीनगर के भव्य रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत के प्रमुख पेशेवर गोल्फर सप्तक तलवार, वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गन्दास , गत विजेता शौर्य भट्टाचार्य और अंगद चीमा सहित कई शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है। जे एंड के ओपन 2026 को टाइटल पार्टनर जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग का सहयोग प्राप्त है और इसका आयोजन रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में किया जा रहा है।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के 2026 सीज़न के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत रविवार को श्रीनगर में डीपी वर्ल्ड इंडिया चैम्पियनशिप ‘लोटस ट्रॉफी’ के अनावरण के साथ हुई। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, डीपी वर्ल्ड के कंट्री मैनेजर, भारतीय उपमहाद्वीप, हेमंत कुमार रुइया, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जौहल, जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध क्रिकेटर आक़िब नबी, जिन्हें ‘बारामूला एक्सप्रेस’ के नाम से जाना जाता है और जो दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज तथा उपयोगी निचले क्रम के बल्लेबाज हैं, तथा भारत के प्रमुख पेशेवर गोल्फर और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पेशेवर गोल्फर भी हिस्सा लेंगे जिनमें अरिंदम सूदन, फैयाज अहमद लंगू, अदनान मुबारिक राह और पवन परिहार शामिल हैं।

