‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ का शुभारंभ, शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह सहित कई स्टार खिलाड़ी होंगे आकर्षण

न्यू चंडीगढ़ 02 अगस्त (वार्ता) पंजाब क्रिकेट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ का रविवार को न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भव्य शुभारंभ किया गया। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होगी, जिसमें पंजाब के कई अंतरराष्ट्रीय और उभरते क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

लीग का शुभारंभ पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की मौजूदगी में किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया।

शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी टीमें भाग लेंगी। लीग में कुल 27 मुकाबले राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम में एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संयोजन देखने को मिलेगा।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा भारतीय क्रिकेट को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और यह लीग भविष्य के कई नए सितारे तैयार करेगी।

पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि पंजाब क्रिकेट लीग मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य के युवा क्रिकेटरों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने लाला अमरनाथ, युवराज सिंह, शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और हरमनप्रीत कौर जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ी देश को दिए हैं और यह लीग इस विरासत को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता देश की प्रमुख घरेलू टी-20 लीगों में अपनी पहचान बनाएगी और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा।

लीग के शुभारंभ समारोह में खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख नौ अगस्त घोषित की गई। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास 45 लाख रुपये का पर्स होगा। खिलाड़ियों की आधार कीमत इस प्रकार तय की गई है।

मार्की खिलाड़ी : 10 लाख रुपये, आइकन खिलाड़ी : 1.50 लाख रुपये, पंजाब प्रथम श्रेणी खिलाड़ी : एक लाख रुपये, अंडर-23 खिलाड़ी : 75 हजार रुपये।

अंडर-19 खिलाड़ी : 50 हजार रुपये, जिला स्तर के खिलाड़ी : 20 हजार रुपये, प्रत्येक टीम में अधिकतम 20 खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकेगा।

समारोह के दौरान पीसीए के अध्यक्ष अमरजीत मेहता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइजी मालिकों और खिलाड़ियों का सम्मान भी किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग पंजाब क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

 

 

 

 

Next Post

गोल्ड मेडलिस्ट जैस्मिन लैंबोरिया होंगी भारत की ध्वजवाहक

Sun Aug 2 , 2026
ग्लासगो, 02 अगस्त (वार्ता) ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 57 किग्रा बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली जैस्मिन लैंबोरिया को आज रात होने वाले समापन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक चुना गया है। इस समारोह में अहमदाबाद को आधिकारिक तौर पर मेजबानी सौंपने की प्रक्रिया भी होगी, […]

You May Like