
जबलपुर। लार्डगंज थाना अंतर्गत कछपुरा ब्रिज के पास कार सवार बदमाशों ने एक ट्रक चालक का अपहरण कर लिया और कमरे में बंद कर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस ने बताया कि अनिल मेहरा 53 वर्ष निवासी पीरा मोहल्ला करेली जिला नरसिंहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ड्रायवरी का काम करता है। सुबह लगभग 5 बजे ट्रक क्रमांक एमपी 46 एच 0326 में बल्देवबाग से परचुन लोड करवा कर करेली जिला नरसिंहपुर जा रहा था। उसके आगे रेखलाल इनवाती का ट्रक जा रहा था, कछपुरा ब्रिज के पास पहॅुचने पर उसने अपना ट्रक साईड में खड़ा कर दिया था। कछपुरा रेल्वे फाटक तरफ से हाई राईडर क्रेटा कार क्रमांक एमपी 20 जेड डी 2090 को चलाते हुये आया और अपनी गाड़ी को बैक करते समय उसके खड़े ट्रक के पिछले चका से टकरा दिया। कार में बैठे 2 लोग नीचे उतरे और उसके साथ गाली गलोज करते हुये उसके साथ हाथ मुक्कों से मारपीट करने लगे। उसका साथी रेखलाल इनवाती बीच बचाव करने लगा तो रेखलाल के साथ भी मारपीट किये। मारपीट से उसके माथा, सिर, पसली में चोटें आ गयीं। रेखलाल को भी अंदरूनी चोटें आयीं। मारपीट करने के बाद उसे कार में बैठाकर ले गये, कमरे में बंद कर उसके साथ फिर से मारपीट किये। वहां एक व्यक्ति और था जिसने भी उसके साथ मारपीट की, फिर तीनों उसे उखरी चौराहा पर गाड़ी से उतार दिये एवं बोले कि थाना में रिपोर्ट की तो जान से खत्म कर देगें।
