इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग एमपीपीएससी द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2025 रविवार, 12 जुलाई को इंदौर के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 5,710 अभ्यर्थी शामिल होंगे. संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
परीक्षा दो सत्रों में होगी. पहला सत्र सुबह 10 से 11 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।इस परीक्षा का आयोजन संस्कृत, भूगोल, मनोविज्ञान, विधि, भूगर्भशास्त्र और योगिक विज्ञान सहित छह विषयों के लिए किया जा रहा है. आयोग ने परीक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. अभ्यर्थी केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, पारदर्शी पानी की बोतल तथा प्रवेश पत्र में अनुमत सामग्री ही साथ ला सकेंगे.
दिव्यांग अभ्यर्थियों को आयोग के नियमों के अनुसार आवश्यक सामग्री लाने की अनुमति रहेगी. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट या डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, पेन ड्राइव सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. इसके अलावा पर्स, वॉलेट, बेल्ट, धूप का चश्मा, पेंसिल, रबर, स्केल, शार्पनर, कफलिंक तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को जूते-मोजे पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा, जबकि चप्पल या सैंडल पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया जा सकेगा।
दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. धार्मिक प्रतीकों जैसे हिजाब, पगड़ी, कलावा और ताबीज का सम्मानपूर्वक परीक्षण किया जाएगा, लेकिन उन्हें हटाने या क्षति पहुंचाने की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.
