
ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे स्थित श्रीराम फिलिंग स्टेशन पर हुई लूट और मारपीट की घटना ने डबरा सिटी थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पेट्रोल पंप संचालक विवेक गुप्ता ने सिटी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि सफेद रंग की इको गाड़ी से आए 5-6 बदमाशों ने पहले पेट्रोल भरवाने के बहाने विवाद किया, फिर दोबारा लौटकर पेट्रोल पंप पर हमला बोल दिया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी डंडों और हथियारों से लैस होकर पहुंचे और स्टाफ के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमलावरों ने गल्ले में रखी करीब 4 हजार रुपये की नकदी लूट ली तथा कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में स्टाफ के मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गए। विवेक गुप्ता का कहना है कि पूरी वारदात पेट्रोल पंप के कैमरों में कैद है और फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जा सकती है। इसके बावजूद शिकायत दिए जाने के घंटों बाद तक न तो डबरा सिटी थाना पुलिस घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची और न ही एफआईआर दर्ज की गई।
पीड़ित का आरोप है कि लूट, मारपीट, धमकी जैसे अहम साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है। इससे न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों और व्यापारियों में भी भारी नाराजगी है।
