बिहार राज्य जीविका निधि सहकारी संघ का शुभारंभ करेंगे कल मोदी

नयी दिल्ली 01 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ करेंगे और संस्था के बैंक खाते में 105 करोड़ रुपये भी हस्तांतरित करेंगे।

जीविका निधि की स्थापना का उद्देश्य इससे जुड़े सदस्यों को किफायती ब्याज दरों पर धनराशि उपलब्ध करना है। जीविका निधि के सभी पंजीकृत संकुल-स्तरीय संघ इसके सदस्य बनेंगे। संस्था के संचालन के लिए बिहार सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार भी धनराशि देगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को यहां बताया कि जीविका निधि के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में कई छोटे उद्यम और उत्पादक कंपनियां स्थापित हुई हैं। राज्य की महिला उद्यमी अब तक विकल्प के रूप में 18 से 24 प्रतिशत की ऊँची ब्याज दर वाली सूक्ष्म वित्त संस्थाओं पर निर्भर थी। जीविका निधि की व्यवस्था वैकल्पिक वित्तीय प्रणाली के रूप में की गई है ताकि सूक्ष्म वित्त संस्थानों पर निर्भरता कम की जा सके और कम ब्याज दरों पर ऋण मिल सके।

यह प्रणाली पूरी तरह से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित होगी जिससे जीविका दीदियों के बैंक खातों में सीधे , तेज़ और अधिक पारदर्शी तरीके से धनराशि हस्तांतरण सुनिश्चित होगा। इसे सुगम बनाने के लिए 12 हजार सामुदायिक कार्यकर्ताओं को टैबलेट से लैस किया जा रहा है।

इस पहल से ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता विकास को बढ़ावा मिलने और समुदाय-आधारित उद्यमों के विकास में तेज़ी आने की उम्मीद है। बिहार में लगभग 20 लाख महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।

Next Post

शिवराज पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

Mon Sep 1 , 2025
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब में अत्यधिक बारिश के कारण किसानों पर आए संकट का जायजा लेने जल्द ही वहां जायेंगे। श्री चौहान ने सोमवार को यहां आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में पंजाब के कुछ इलाकों में […]

You May Like