
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब में अत्यधिक बारिश के कारण किसानों पर आए संकट का जायजा लेने जल्द ही वहां जायेंगे।
श्री चौहान ने सोमवार को यहां आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में पंजाब के कुछ इलाकों में आई बाढ़ से फसलों पर इसके असर के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी हासिल की। उन्होंने पंजाब के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे बिल्कुल भी चिंता नहीं करें। केंद्र सरकार इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि वह आगामी दिनों में पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति को खुद समझेंगे और पीड़ित किसानों से भी मिलेंगे। केंद्र सरकार किसानों की हरसंभव मदद करेगी।
बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव डा. देवेश चतुर्वेदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने देशभर में कृषि क्षेत्र की स्थिति को लेकर केंद्रीय मंत्री को विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि इस साल खरीफ बुवाई का रकबा पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अधिक हो गया है। उन्होंने आम उपभोग की कृषि उपज आलू, प्याज और टमाटर की पैदावार की स्थिति और कीमतों के बारे में भी जानकारी ली। बैठक में अधिकारियों ने उन्हें कई राज्यों में इस वर्ष औसत से अधिक हुई बारिश से जलाशयों की बेहतर स्थिति के बारे में भी जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को बागवानी सहित समेकित कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। इससे किसानों की आमदनी में इजाफा होगा। उन्होंने समेकित कृषि के मॉडलों को किसानों के बीच ले जाने के लिए भी निर्देश दिये।
