कोलकाता, 14 फरवरी (वार्ता) कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन (49), माइकल जोंस (33), टॉम ब्रूस (24) और ऑलिवर डेविडसन (नाबाद 20) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर स्कॉटलैंड ने शनिवार टी-20 विश्वकप के 23वें मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 152 रन का स्कोर बनाया। आज यहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 42 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। जॉर्ज मंसी (चार), ब्रैंडन मक्मलेन (शून्य) और माइकल जोंस (33) रन बनाकर आउट हुये। माइकल जोंस ने 20 गेंदों का सामना किया और पांच चौके और एक छक्का लगाया।
इसके बाद कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन और टॉम ब्रूस ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 71 रन जोड़े। 13वें ओवर में लियम डॉसन ने टॉम ब्रूस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। टॉम ब्रूस ने 18 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए 24 रन बनाये। अगले ही ओवर में आदिल राशिद ने अर्धशतक से एक रन दूर रहे रिचर्ड बेरिंग्टन को अपना शिकार बना लिया। रिचर्ड बेरिंग्टन ने 32 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 49 रनों की पारी खेली। इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड की टीम को 19.4 ओवर में 152 के स्कोर पर समेट दिया। ऑलिवर डेविडसन 15 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 20 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने तीन विकेट लिये। जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन को दो-दो विकेट मिले। जेमी ओवर्टन और सैम करन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

