नयी दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता) भारत के पूर्व महान क्रिकेटर कपिल देव ने टी-20 सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की पहली गेंद से ही बड़े शॉट मारने की काबिलियत की तारीफ की है। कपिल ने शुक्रवार शाम को कुतुब गोल्फ कोर्स में डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “अगर आप पहली गेंद पर छक्का मार सकते हैं, तो क्यों नहीं इसके लिए आपको बहुत काबिलियत चाहिए। अगर वह दो साल, तीन साल तक ऐसा कर सकता है, तो हम कहेंगे कि वह कितना बढ़िया खिलाड़ी है।” हालांकि उन्होंने अभिषेक को सावधान किया कि उसे लगातार बेहतर होते रहना होगा ताकि वह गेंदबाजों से एक कदम आगे रहे। उन्होंने कहा, “पहले साल वह प्रतिभा के साथ सामने आ सकता है। शायद दो साल। लेकिन गेंदबाज भी हर समय बल्लेबाजों के लिए योजना बनाते रहते हैं। तीसरा साल सबसे जरूरी होगा कि वह स्वयं को कैसे व्यवस्थित करता है।”
अभिषेक शर्मा ने 2024 में भारत के लिए पर्दापण किया था। भारत के लिए 39 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 36 की औसत से 1,297 रन बनाए हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 136 का है। इन 39 मैचों में उन्होंने 123 चौके और 88 छक्के लगाए हैं। शौकीन गोल्फर और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव ने कहा कि वह देश में क्रिकेट के विकास से बहुत खुश हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि दूसरे खेलों को भी पूरा सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “क्रिकेट अच्छा कर रहा है- यह अच्छी बात है। बुरी बात यह है कि क्रिकेट अकेला स्पोर्ट नहीं है। हमें सभी खेलों का ध्यान रखना चाहिए। क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है। फिर भी, मैं चाहता हूं कि हमें दूसरे खेलों को भी प्रमोट करना चाहिए। हमें हर चीज के लिए सरकार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए और इस बात की जिम्मेदारी लेनी चाहिए कि हम क्या योगदान कर सकते हैं।”

