
रीवा। रीवा शहर के मुख्य बाजार घंटा घर के पास आज उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब नौसिखिए कार ड्राइवर ने लापरवाही पूर्वक कार दौड़ाते हुए एक खड़ी कार सहित तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी है.
बीच बाजार हुई उस घटना से ना सिर्फ हडक़ंप मच गया बल्कि कार की चपेट में आने से एक कार सहित तीन बाइके क्षतिग्रस्त हो गई हैं, वहीं एक बाइक सवार युवक का पैर भी फ्रैक्चर हो गया है जिसे फिलहाल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
कार के नौसिखिए चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद तीन बाईकों को भी ठोकर मारी है. फिलहाल घटना के वक्त मौके पर मौजूद भीड़ ने कार चालक को पकड़ लिया है और सूचना पुलिस दी. मौके पर पकड़े गए कार चालक की पहचान लल्लू राम कुशवाहा के रूप में की गई है. कार चालक ने बताया कि वह कार लेकर जा रहा था, तभी अचानक से ब्रेक की जगह उसके पैर से एक्सीलेटर दब गया और सामने से गुजर रहे बाइक सवार कार की चपेट में आ गए. बताया जा रहा है कि कार का चालक नौसिखिया था, जिसके पास से ड्राइविंग लाइसेंस तक मौके पर नहीं मिला है. घायल युवक को उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया.
