
इंदौर. परदेशीपुरा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ब्राउन शुगर के साथ एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया और उसके पास से नशे की सामग्री व वाहन जब्त किया.
पुलिस उपायुक्त ज़ोन 02 श्री कुमार प्रतीक ने बताया कि परदेशीपुरा थाना की टीम ने मध्यरात्रि को एमआर 4 रोड पर सघन गश्त और चैकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूमते 24 वर्षीय शुभम उर्फ गुलशन यादव को रोका. पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास लगभग 11.01 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. आरोपी का कहना है कि वह खुद नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचता है. इसके साथ ही उसकी एक्टिवा एमपी 09 एसजे 9093 भी पुलिस ने जब्त कर ली. थाना परदेशीपुरा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है. आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की संभावना है.
