नयी दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता) पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर का मानना है कि जसप्रीत बुमराह को पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती विकेट लेने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। ‘फॉलो द ब्लूज’ कार्यक्रम में जियोस्टार विशेषज्ञ संजय बांगर ने टूर्नामेंट में स्पिन को लेकर भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन और पाकिस्तान के खिलाफ भारत की एकादश में संभावित बदलावों पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “आप जसप्रीत बुमराह का कहीं भी उपयोग करें, वह जाहिर तौर पर वैल्यू ऐड करेंगे। लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें शुरुआत में ही इस्तेमाल किया जा सकता है ताकि जल्दी विकेट मिल सकें और विरोधी टीम पर जल्दी अटैक किया जा सके। पावरप्ले में विकेट बहुत मायने रखते हैं, खासकर पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ। इसलिए, मुझे उम्मीद है कि बुमराह पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे।”
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की एकादश में बदलावों को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि भारत अपने स्पिन अटैक को और मजबूत करेगा क्योंकि जब उन्होंने 50 ओवर की चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था, तो उन्होंने चार स्पिनरों का इस्तेमाल किया था। इसे देखते हुए, भारत को साफ तौर पर लगता है कि पाकिस्तानी बल्लेबाजों को स्पिन का सामना करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए, मैं निश्चित रूप से एक सीमर की जगह कुलदीप यादव को शामिल करने का समर्थन करूंगा, और वह सीमर अर्शदीप सिंह होना चाहिए।”
उन्होंने स्पिन खेलने में भारतीय बल्लेबाजों को हो रही दिक्कत के सवाल पर कहा, “हां, इस विश्वकप के पहले दो मैचों में, भारत ने बीच के ओवरों में स्पिन के कारण विकेट गंवाए हैं। लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि वे पहले बल्लेबाजी कर रहे थे और उनसे 200-220 रन से अधिक बनाने की उम्मीद थी। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ मैच में, मुझे लगता है कि वे हालात को बेहतर तरीके से समझेंगे। बड़े मैदान पर उनका शॉट चयन थोड़ा अलग हो सकता है। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान के खिलाफ वह पैटर्न दोहराया जाएगा। वे अलग तरीके से बल्लेबाजी करेंगे, शायद स्ट्राइक अधिक रोटेट करेंगे और खूब सारे टू और थ्री रन बनाने की प्रयास करेंगे, क्योंकि कोलंबो का मैदान काफी बड़ा है।”

