
भोपाल। ‘बूथ चलो, गाँव चलो’ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में रायसेन जिले के ग्राम तराबली में ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति का गठन किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर रायसेन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अनोखी पटेल, पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल, प्रदेश प्रवक्ता आनंद जाट, राहुल राज, प्रदेश सचिव विष्णु विश्वकर्मा सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके पश्चात भोजपुर में जीतू पटवारी ने किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय के विरोध में प्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ‘किसान जन आंदोलन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में यह यात्रा प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और सभी ब्लॉकों तक पहुँचेगी। यात्रा के दौरान किसानों की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने भाजपा पर किसानों और महिलाओं से किए गए चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं 2,700 रुपये में खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन किसानों को अब तक इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, महिलाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई गाँव से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
