नयी दिल्ली, 05 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से पार्टी मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
इस मुलाकात को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी की भाजपा अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक में उत्तर प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री योगी ने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी भाजपा अध्यक्ष को दी। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने, आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा संगठनात्मक स्तर पर भाजपा की रणनीति, जनसंपर्क अभियानों और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। माना जा रहा है कि यह मुलाकात पार्टी की भविष्य की कार्ययोजना और राज्य में विकास के एजेंडे को और गति देने के उद्देश्य से की गई है। भेंट के बाद दोनों नेताओं ने सकारात्मक माहौल में बातचीत को उपयोगी बताया।
