रांची, (वार्ता) 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के पहले दिन गुरुवार को हिमाचल, असम, कर्नाटक, मणिपुर और गुजरात की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रा रहा।
आज यहां रांची में मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गये पहले मुकाबले में हिमाचल ने ग्रुप सी में हॉकी राजस्थान को 7-0 से हराया। हिमाचल की ओर से नवनीत कौर ने (17वें, 37वें, 55वें) मिनट में गोलकर हैट्रिक के साथ अभियान की शुरुआत की। इसके अलावा रिया ने (नौवें, 57वें) मिनट में गोल किए, पलक चौधरी ने (28वें) और सोनम नें (31वें) मिनट में गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।
दिन के दूसरे ग्रुप सी मैच में असम ने गोवा को 7-1 से हराया। रितिका टिग्गा ने (तीसरे, 44वें, 48वें) और ज्योत्सना एक्का ने (32वें, 49वें, 59वें) मिनट में गोलकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा तान्या चौरसिया ने (37वें) मिनट में गोल किया। दूसरी ओर गोवा हॉकी के लिए कप्तान ऋद्धि हतिंद्रनाथ हडफाकर ने (30वें) मिनट में सांत्वना गोल किया।
अन्य मैच में तेलंगाना ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। जम्मू-कश्मीर के लिए अक्षरा दत्ता ने (11वें, 21वें) मिनट में गोल किए। इसके जवाब में तेलंगाना के लिए पेंडेला हरिनी चंद्रा ने (31वें) मिनट पहला गोल किया। खेल के आखिर में अनु कुमारी ने (52वें) मिनट में तेलंगाना के लिए बराबरी का गोल खेला और मैच को ड्रॉ पर समाप्त किया।
ग्रुप बी में कर्नाटक ने केरल को 3-1 से हराया। हॉकी कर्नाटक के लिए जीविता एच.एन ने (17वें), कप्तान पर्लिन पोन्नम्मा ए.जी ने (28वें) और शिल्पा मदीवालप्पा कनजानावर ने (39वें) मिनट में एक-एक गोल किया। मैच के आखिर में शालिनी मुंगामुरी ने (52वें) मिनट में केरल के लिए एकमात्र गोल करने में सफल रहीं।
ग्रुप बी के दूसरे मैच में मणिपुर ने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। मणिपुर के लिए सेराम हेंथोई चानू ने (तीसरे) मिनट, जेरीना चोंगथम ने (13वें) और कप्तान देवी मोइरंगथेम प्रिंजा ने (20’) मिनट में मणिपुर के लिए गोल करके अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।
दिन के आखिरी मैच में गुजरात ने ग्रुप ‘बी’ में बंगाल को 3-0 से हराया। कप्तान आस्था टिम्पली ने (25वें)मिनट पहले हाफ के खत्म होने से पहले एक शानदार गोल करके खेल की शुरुआत की। कोमल घाडगे ने (49वें) मिनट और भावनाबा जडेजा ने (54वें) मिनट में गोलकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
