परिवार चाहता था डॉक्टर बने रणदीप हुड्डा, बन गए बॉलीवुड स्टार, कार धोकर कमाते थे पैसे, आज जीते हैं आलीशान लाइफ

मुंबई, रणदीप हुड्डा ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने से पहले ऑस्ट्रेलिया में वेटर और टैक्सी ड्राइवर तक का काम किया। मानसून वेडिंग से फिल्मी सफर शुरू करने वाले रणदीप को डी से पहचान मिली।

बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा का जन्म 20 अगस्त 1976 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था। रणदीप हुड्डा आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके पिता सर्जन और मां सोशल वर्कर हैं। परिवार चाहता था कि रणदीप भी डॉक्टर बनें, लेकिन उनका मन इस पेशे में नहीं लगा। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए और वहां मार्केटिंग में ग्रेजुएशन किया।

विदेश में रहना उनके लिए आसान नहीं था। अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने एक चाइनीज रेस्टोरेंट में वेटर के तौर पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने कार धोने और टैक्सी चलाने का काम भी किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2000 में वह भारत लौटे और एक एयरलाइन कंपनी के मार्केटिंग विभाग में नौकरी की। इसी दौरान उन्होंने मॉडलिंग और थिएटर में भी अपनी किस्मत आजमाई।

मानसून वेडिंग से मिला फिल्मों में मौका
रणदीप की बॉलीवुड एंट्री भी काफी दिलचस्प रही। साल 2001 में नसीरुद्दीन शाह के नाटक की रिहर्सल के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक मीरा नायर से हुई। रणदीप की पर्सनैलिटी से प्रभावित होकर मीरा नायर ने उन्हें ऑडिशन देने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें फिल्म ‘मानसून वेडिंग’ में काम करने का मौका मिला। उनके ऑस्ट्रेलियन एक्सेंट को देखते हुए फिल्म में उन्हें एनआरआई का किरदार मिला।

डी ने बदल दी जिंदगी
‘मानसून वेडिंग’ के बाद रणदीप ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘डी’ उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया। इसके बाद उन्होंने साहिब बीबी और गैंगस्टर, हाईवे, सरबजीत और सुल्तान जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी प्रतिभा साबित की।

आज जीते हैं शानदार जिंदगी
कभी टैक्सी चलाकर गुजारा करने वाले रणदीप हुड्डा आज कामयाबी के साथ लग्जरी लाइफ भी जीते हैं। मुंबई में उनका शानदार घर है, जबकि हरियाणा के रोहतक में उनका पैतृक घर भी है। उनके कार कलेक्शन में Mercedes-Benz GLS, BMW 5 Series, Range Rover और Volvo V90 जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें घुड़सवारी का भी काफी शौक है।

Next Post

इमरान हाशमी की आवारापन 2 की रफ्तार बरकरार, छठे दिन 105 करोड़ के पार, बंटवारा 1947 की कमाई धीमी

Thu Aug 20 , 2026
मुंबई, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 5 दिनों में 100.50 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया और छठे दिन सुबह 10 बजे तक 105 करोड़ के पार पहुंच गई। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी […]

You May Like