ब्राउन शुगर लेकर घूम रहा हिस्ट्रीशीटर पकड़ाया, किया 1.30 लाख का मादक पदार्थ जब्त 

इंदौर. हीरानगर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 1.30 लाख रुपए कीमत की ब्राउन शुगर बरामद हुई है. आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है. पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.

5 अगस्त को हीरानगर थाना क्षेत्र में टीम गश्त कर संदिग्धों की जांच कर रही थी. इस दौरान बीमा अस्पताल के पास खाली मैदान में एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर आरोपी की पेंट की पिछली जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन मिली, जिसमें भूरे रंग का पाउडर भरा था. जांच में यह पदार्थ ब्राउन शुगर निकला. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.28 ग्राम मादक पदार्थ जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिकेत उर्फ छोटू पिता प्रेमराज बरबेले (निवासी कैलाश का भट्टा, अंजनी नगर) के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है.

बॉक्स…

पहले भी कई मामलों में आ चुका नाम…

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनिकेत पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ हीरानगर, लसूड़िया, पलासिया, परदेशीपुरा और विजय नगर थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे मामले दर्ज हैं. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी. पूछताछ के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.

 

पूछताछ जारी है…

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा है. उसके कब्जे से ब्राउन शुगर बरामद हुई है. आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एसीपी हीरानगर, रुबिना मिजवानी

Next Post

डीआरआई की कार्रवाई में 1.28 करोड़ का विदेशी सोना जब्त, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार

Thu Aug 6 , 2026
इंदौर. डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की इंदौर जोनल यूनिट ने विदेशी सोना तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.28 करोड़ रुपए मूल्य का सोना जब्त किया है. एजेंसी ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक एयरलाइन कर्मचारी भी शामिल है. जांच में सामने […]

You May Like