बहुचर्चित भोला सिकरवार हत्याकांड का फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर: बहुचर्चित भोला सिकरवार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के बाद से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था. आखिरकार थाना हजीरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने डबरा क्षेत्र में दबिश देकर उसे धर दबोचा. इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को अब गिरफ्तार कर लिया गया है.
2 जून 2025 को हुई थी गोली मारकर हत्या
गौरतलब है कि 2 जून 2025 को हजीरा थाना क्षेत्र में भोला उर्फ हेमराज सिकरवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की थी. कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य आरोपी शिवा उर्फ ब्रजेश सिंह राजावत घटना के बाद से फरार चल रहा था.
लगातार फरारी और गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने शिवा उर्फ ब्रजेश सिंह राजावत पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है और वहीं से गतिविधियां संचालित कर रहा है.
मुखबिर की सूचना पर ससुराल से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) विदिता डागर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर के मार्गदर्शन में सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार के नेतृत्व में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर और क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित शर्मा की टीम ने कार्रवाई की. मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम आरोपी की ससुराल बड़ी अकबई, पिछोर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में अपराध कबूला, हथियार की तलाश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में भी उससे जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे अब मामले का पूरा खुलासा हो गया है.

Next Post

हाईवे पर सड़क हादसे में युवक की मौत:बाइक से गया था भिंड

Wed Apr 15 , 2026
भिंड: भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैअटेर रोड स्थित उदोतगढ़ गांव निवासी […]

You May Like