जबलपुर: पर्यावरण संतुलन और ऑक्सीजन हब के रूप में पार्क को विकसित करने के लिए यह तकनीक अत्यंत प्रभावी साबित होगी। चिन्हित क्षेत्रों में मियावकी विधि से देशी व छायादार प्रजातियों के पौधे रोपने तत्काल तकनीकी तैयारी और भूमि का उपचार प्रारंभ किया जाए। यह बातें नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा नगर निगम के अधिकारियों के साथ वेस्ट टू वंडर पार्क परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहीं गई । निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पार्क के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं वहां उपलब्ध जन-सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करना था।
स्थल निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त अहिरवार ने पार्क परिसर में हरियाली बढ़ाने और घने शहरी जंगल विकसित करने के लिए मियावकी पद्धति से सघन पौधरोपण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को वेस्ट टू वंडर की मूल अवधारणा के अनुरूप कबाड़ व अपशिष्ट सामग्रियों से निर्मित कलाकृतियों के बेहतर रखरखाव और नए मॉडल्स शामिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए ।
आकर्षण केंद्र के रूप में उभरेगा पार्क
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से वेस्ट टू वंडर पार्क न केवल शहर के प्रमुख पर्यटन व आकर्षण केंद्र के रूप में उभरेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक अनुकरणीय उदाहरण पेश करेगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
